राजस्थान में HPV टीकाकरण अभियान ने पकड़ी रफ्तार
जयपुर। राजस्थान में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा HPV टीकाकरण अभियान अब रफ्तार पकड़ने लगा है। अब तक राज्य में 2,795 वैक्सीनेशन सत्र आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 14 वर्ष आयु वर्ग की 7,720 बालिकाओं को टीका लगाया गया है। हाल ही में नेशनल हेल्थ मिशन के मिशन निदेशक जोगाराम की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय टास्क फोर्स बैठक में अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने शुरुआती प्रगति को सकारात्मक बताया, लेकिन साथ ही लक्ष्य के मुकाबले कवरेज बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह अभियान राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है, जिसमें U-WIN डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है और विशेष सत्रों के जरिए HPV वैक्सीन दी जा रही है।
डॉ. मधु रतेश्वर ने बताया कि वैश्विक स्तर पर 99% से अधिक सर्वाइकल कैंसर के मामले ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) संक्रमण से जुड़े होते हैं, इसलिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। वहीं डॉ. रघुराज सिंह ने कहा कि अब फोकस कवरेज गैप को कम करने, वैक्सीन को लेकर हिचकिचाहट दूर करने और स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए अंतिम छोर तक पहुंच बनाने पर है। आने वाले चरण में राज्य सरकार का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा बालिकाओं तक टीकाकरण पहुंचाना है, ताकि सर्वाइकल कैंसर के खतरे को प्रभावी तरीके से कम किया जा सके।

बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर
उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से रोशन हो रहा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता