राजस्थान में कोटा के थेगड़ा रोड के बोरखेड़ा इलाके के आबादी क्षेत्र में शनिवार भारी भरकम मगरमच्छ घुसने से हड़कंप मच गया। करीब 15 फीट लंबा यह भारी भरकम व खतरनाक मगरमच्छ आबादी क्षेत्र के नाले में फंस गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचित किया। 

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ का रेस्कयू किया गया। इस दौरान मगरमच्छ ने लोगों पर हमला करने का प्रयास भी किया लेकिन वन विभाग की टीम के एक दर्जन सदस्यों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का रेस्कयू किया ओर लोडिंग टेंपो में डालकर मगरमच्छ को चंबल नदी में आजाद किया गया। यह मगरमच्छ करीब 300 किलो वजन का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन इस इलाके में मगरमच्छ आने से लोगों में दहशत का माहौल है। कई बार निगम एवं वन विभाग की टीम को सूचित किया जा चुका है लेकिन विभाग गम्भीरता से नही ले रहे है जिसके कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।