भोपाल । आसमान पर बादलों की मौजूदगी और अनेक स्थानों पर रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नौतपा में गर्मी के तेवर ठंडे बने हुए हैं। बुधवार को भोपाल, जबलपुर, इंदौर, सागर में बौछारें पड़ने का अनुमान है। नौतपा के छठवें दिन और पिछले 24 घंटों के दौरान मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सिवनी में 2.4, सतना में 0.4, गुना में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर चार मौसम प्रणालियां बनी हुई हैं। इस वजह से बादल बने हुए हैं। साथ ही वर्षा भी हो रही है। मंगलवार-बुधवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, सागर, चंबल संभाग में कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है। मंगलवार दोपहर ग्‍वालियर जिले में आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। पूर्वी मध्य प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर झारखंड होते हुए बिहार तक एक द्रोणिका लाइन बनी हुई है। इसके अतिरिक्त दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।राजधानी में भी सुबह से बादल बने हुए हैं। इस वजह से उमस बढ़ गई है। दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। साथ ही दोपहर के बाद गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन चार मौसम प्रणालियों के अलावा वर्तमान में हवा का रुख पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से वातावरण में नमी आ रही है। जिसके चलते प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल बने हुए हैं। साथ ही रुक-रुककर हल्की वर्षा हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज एक-दो दिन तक बना रह सकता है।