सीएम अशोक गहलोत ने मंगलवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में 'मिशन राजस्थान-2030 प्रगति की गति दोगुना' अभियान की प्रदेश स्तर और लॉन्चिंग की। सीएम ने कहा इस अभियान में प्रदेश के सभी लोगों के सुझाव लिए जाएंगे।

सुझाव लेने के लिए "मिशन 2030 डॉट राजस्थान डॉट गॉव डॉट इन" वेबसाइट बनाई गई है। गहलोत ने वेबसाइट भी बटन दबाकर लॉन्च की। अलग-अलग क्षेत्र के विशेषज्ञ, विभिन्न सरकारी विभागों के सदस्य और आम जनता, युवा, स्टूडेंट सभी अपने विचार वेबसाइट के जरिए दर्ज कर सकेंगे। विभागों की इस मिशन में बड़ी भूमिका होगी। इस अभियान के तहत आमजन की भागीदारी के लिए घर-घर जाकर भी लोगों से सुझाव लिए जाएंगे।

राजस्थान के लोग प्रदेश को 2030 में कहां देखना चाहते हैं? इसी विजन के साथ सरकार विभिन्न वर्गों के सुझाव लेगी। प्रदेश के कुछ हिस्सों में टोल फ्री नंबर पर कॉल कर और नि:शुल्क सर्वे में भाग लेने के लिए लोगों से निवेदन किया जाएगा। इसमें अभियान के जरिए एक सर्वे किया जाएगा। राजस्थान में मिशन-2030 से जुड़ने और भविष्य के राजस्थान के बारे में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। राजस्थान के सभी स्कूलों और कॉलेजों में मिशन-2030 विषय पर निबंध प्रतियोगिताएं की जाएंगी। वीडियो कांटेस्ट के माध्यम से भी राजस्थान मिशन 2030 के लिए सुझाव मांगे जाएंगे। राज्य सरकार 'मिशन-2030 प्रगति की गति 10 गुना वीडियो कांटेस्ट' चलाएगी। कांटेस्ट के तहत उत्कृष्ट वीडियो पर पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं।

राजस्थान का विजन डॉक्यूमेंट जारी किया जाएगा
मुख्यमंत्री की ओर से विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों के साथ मुलाकात की जाएगी और संवाद के जरिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा। इसके तहत पहले विभाग के दस्तावेजों को प्रकाशित किया जाएगा और फिर राजस्थान का विजन डॉक्यूमेंट  जारी किया जाएगा। क्षेत्र के महत्वपूर्ण लोगों के लिए वर्क प्लान तैयार होगा और उसके इम्प्लीमेंटेशन का काम शुरू होगा। प्रदेश की प्रोग्रेस की स्पीड में 10 गुना बढ़ोतरी करने और राजस्थान का नाम देश में टॉप राज्य में शामिल हो, इस सोच पर विजन डॉक्यूमेंट से काम होगा।