अलवर। अलवर में सास-ससुर की ओर से अपने बेटे-बहू पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया है। पीड़ित दंपति ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों के साथ एसपी से मिलकर इस मामले में सुरक्षा की गुहार लगाई है। दंपति सोनू और उसकी पत्नी रजनी ने यह आरोप लगाया है। दंपति ने हिंदू देवी-देवताओं के मूर्ति तथा पोस्टरों को फाड़कर फेंकने और उनकी बेअदबी करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में एईबी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
  विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष दिलीप मोदी ने बताया कि अलवर शहर में कुछ लोगों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव का प्रयास किया जा रहा है। शहर की 60 फीट हरिजन बस्ती में कुछ लोग हैं जो ईसाई धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि यहां धर्म परिवर्तन की एक चैन बनाई गई है। वह कई तरीके के लोभ लालच देकर हिंदू देवी देवताओं का अपमान करते हुए ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाते हैं। ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर बहिष्कार की धमकी भी देते हैं और मारपीट भी करते हैं।
  सोनू ने बताया कि हमारे ही परिवार में से कुछ लोगों ने ईसाई धर्म अपना लिया है। हम जब पूजा पाठ करते हैं। पूजा के दौरान अगरबत्ती और दीपक जलाते तथा हवन करते हैं तो वे हमारा विरोध करते हैं। वे हमारे देवी-देवताओं की तस्वीरों को फाड़ देते हैं और तोड़ देते हैं मारपीट करते हैं। हम पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाते हैं। बकौल सोनू हम हिंदू रीति रिवाज से रहना चाहते हैं, लेकिन ये लोग हमें परेशान करते हैं। 
  उन्होंने एसपी को बताया कि हमारे परिवार के लोग 2 साल से ईसाई धर्म से जुड़े हैं। तभी से ही हमें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने उन लोगों से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस अधीक्षक ने इस पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।