आईपीएस अफसरों के तबादलों को लेकर फिर सुगबुगाहट
भोपाल। प्रदेश सरकार भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की तबादला सूची कभी भी जारी कर सकती है। पुलिस की तबादला सूची को लेकर एक महीने पहले ही उच्च स्तर पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के चलते पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची को जारी नहीं किया गया। अब फिर से तबादलों की अटकलें शुरू हो गई हैं। बताया गया कि विधानसभा सत्र से पहले सूची जारी हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधिकारियों की सूची में ज्यादा नाम मैदानी अधिकारियों के हैं। जो पुलिस अधीक्षक पदोन्नत होकर उप पुलिस महानिरीक्षक बन चुके हैं, उनको हटाया जा सकता है। सूची को लेकर कुछ नामों को लेकर नए सिरे से चर्चा भी होना है। जिसमें नीमच पुलिस अधीक्षक का नाम भी शामिल होना बताया जा रहा है। पुलिस की संभावित सूची में दो दर्जन से ज्यादा अधिकारी बताए जा रहे हैं। सबसे बड़ा फेरबदल पुलिस आयुक्त प्रणाली वाले शहर भोपाल और इंदौर में होने की संभावना है। इसके अलावा कुछ रेंज आईजी एवं डीआईजी भी बदलेंगे। बताया गया कि गृह विभाग ने कार्यप्रणाली के आधार पर पुलिस अधीक्षकों की तबादला सूची तैयार की है। करीब डेढ़ दर्जन जिलों के पुलिस अधीक्षक बदलने की संभावना है।
एक महीने पहले आने थी तबादला सूची
बताया गया कि जनवरी के आखिरी में 27 जनवरी को जब मुख्यमंत्री जापान यात्रा के लिए रवाना हुए थे, उसी दिन भारतीय प्रशासनिक सेवा के 42 अधिकारियों की तबादला सूची जारी की थी। जिसमें ज्यादातर अधिकारी मैदानी पदस्थापना वाले थे। आईएएस की सूची के बाद आईपीएस अधिकारियों की सूची जारी होना प्रस्तावित थी। इस बीच गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव के सेवानिवृत्त होने की वजह से मुख्यमंत्री के विदेश से लौटने के इंतजार में सूची को जारी नहीं किया गया। मुख्यमंत्री विदेश यात्रा से लौटते ही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों में जुट गए। चूंकि अब जीआईएस निपट चुकी है। ऐसे में एक बार फिर पुलिस अधिकारियों की सूची को लेकर गृह विभाग में तबादले की फाइलें चलना शुरू हो गई हैं।

'वायुसेना लगाना समाधान नहीं', NEET विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को दिखाया आईना
भारत-जिम्बाब्वे दूसरा टी20 मैच, टाइमिंग से लेकर लाइव टेलीकास्ट तक सब कुछ जानें
हाई कोर्ट का सरकार से सवाल, 105 KM दूर से पानी ला सकते हैं तो 5 KM अतिक्रमण क्यों नहीं हटता?
बच्चों की परवरिश पर SC की चिंता, बोला- मोबाइल नहीं, परिवार सबसे बड़ा सहारा
मगरमच्छ गंगाराम की अनोखी कहानी, जिसकी मौत पर पूरा गांव रो पड़ा