भरतपुर के रूपवास थाना इलाके में कल देर शाम दो पक्षों में जमकर लाठियां चलीं और पथराव हुआ। घटना में एक पक्ष के दो व्यक्ति, एक महिला और एक लड़की घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज आरबीएम अस्पताल में चल रहा है। दोनों पक्षों में हुए झगड़े का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष आपस झगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

घटना खानुआ गांव की है, गांव में सोरन सिंह, महेंद्र सिंह का एक प्लॉट है। जिस पर सोरन के पड़ोसी सुनील अपने दो भाइयों के साथ कब्जा करना चाहता है। सुनील ने अपने भाइयों के साथ मिलकर सोरन के प्लाट पर दीवार खड़ी कर दी। सोरन और उसका भाई महेंद्र दिल्ली में मजदूरी करते हैं। कल वह दिल्ली से वापस अपने गांव लौटे तो उन्हें अपने प्लाट पर कब्जे के बारे में पता लगा। जिसके बाद सोरन और महेंद्र ने सुनील, विनोद और विष्णु से प्लाट पर कब्जा नहीं करने को कहा।

इतने में सुनील पक्ष भड़क गया और उसने सोरन पक्ष के ऊपर पथराव कर दिया, लाठियों से सोरन के परिवार पर टूट पड़े। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने झगड़े का वीडियो बना लिया। घटना में सोरन, महेंद्र, सोरन की पत्नी सुनीता, महेंद्र की लड़की मनीषा घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल चारों का इलाज जारी है।