भारत-पाकिस्तान की सरहदों पर दोनों देशों के रिश्ते भले ही अच्छे ना हो लेकिन दोनों देशों के लोगों के दिलों के तार अभी भी एक दूसरे से कहीं ना कहीं जुड़े हुए हैं। शादियों की डोर उन्हें एक दूसरे से मिला ही देती है।

138 दिन बाद पाकिस्तान से जोधपुर पहुंची दुल्हन

राजस्थान के जोधपुर से एक मामला सामने आया है। यहां के रहने वाले मुजिम्मल खान का 2 जनवरी को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पाकिस्तान में रहने वाली उरुज फातिमा से निकाह हुआ था। वह अब पाकिस्तान से 138 दिन बाद ससुराल में अपने शौहर के पास जोधपुर पहुंची हैं। दुल्हन के घर आने के बाद घर में खुशियों का माहौल है।

दूल्हे के दादा भालेह खान मेहर ने बताया कि पाकिस्तान से दुल्हन को भारत लाने में देरी हे गई। इसका कारण देर से वीजा मिलना है। पाकिस्तान की बेटी अब भारत के बेटे की दुल्हन बनी है। दुल्हन भी भारत पहुंचकर बहुत खुश है।

उन्होंने आगे बताया कि मैं पाकिस्तान गया था। यह बेटी मेरी दोहिती लगती है। उसने मेरी बहुत सेवा की थी। इससे मैंने मेरे पोते के लिए इसे पसंद किया और हमने रिश्ता पक्का कर दिया।

ऑनलाइन कराया गया था निकाह  

बता दें कि भारत-पाकिस्तान के बीच चलने वाली मुनाबाव खोखरापार ट्रेन बंद हो गई थी। हम लोग गरीब परिवार से हैं, तो हमारे पास इतने रुपए नहीं है कि यहां से बारात फ्लाइट करके ले जाते, फिर हमने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निकाह कराया। इसके बाद दुल्हन को भारत लाने के लिए वीजा दिलाने का काम किया।