दौसा में बारिश जारी, बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जला
दौसा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से दौसा जिले सहित पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिले में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बारिश दर्ज की गई। सुबह अलसुबह बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 30 मिनट तक जारी रहा। बांदीकुई क्षेत्र में भी सुबह करीब 7 बजे अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे आमजनजीवन पर असर पड़ा।
आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जला
बारिश के दौरान बांदीकुई के बच्छी का बास क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जल गया। इसके चलते सिकंदरा रोड और मुख्य बाजार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद नया ट्रांसफार्मर लगाकर सप्लाई को सुचारू किया, जिससे लोगों को राहत मिली।
बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता
अचानक बदले मौसम और बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में कटी हुई फसल भीग गई है, जबकि खड़ी गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो सरसों और गेहूं की फसल को भारी नुकसान हो सकता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी।
बीमा क्लेम के लिए 72 घंटे में सूचना जरूरी
सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) अशोक कुमार मीना ने बताया कि जिन किसानों की फसल बीमित है, वे नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर भारत सरकार के कृषि रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 14447, क्रॉप इंश्योरेंस एप या संबंधित बैंक, कृषि विभाग अथवा जिला अधिकारियों को लिखित रूप में दें। इसके बाद जांच कमेटी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी और नियमानुसार क्लेम प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ओलावृष्टि ने बढ़ाया नुकसान, फसलें खेतों में गिरीं
गुरुवार को मंडावर क्षेत्र में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों पर दोहरी मार डाली। गढ़ हिम्मत सिंह और उकरूंद गांव में तेज हवाओं और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे गेहूं, जौ और चने की फसल खेतों में आड़ी पड़ गई। कटी हुई फसल और पशुओं का चारा भी भीग गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
अंधड़ और बूंदाबांदी से बढ़ी अनिश्चितता
सिकराय क्षेत्र में भी मौसम ने अचानक करवट ली, जहां तेज अंधड़ के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। किसानों दिनेश पटेल, बजरंग लाल जैमन और संतोष कुमार शर्मा के अनुसार, इस समय खेतों में गेहूं की फसल तैयार खड़ी है और कई जगह कटाई शुरू हो चुकी है। ऐसे में बारिश और तेज हवाएं फसल को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट, सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। तेज हवाओं और हल्की बारिश की आशंका के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बदलते मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के लिए चिंता का कारण बन गया है।

निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस की तैयारी: साल भर पहले संभावित उम्मीदवारों की खोज
इंदौर में लव जिहाद का खुलासा, लड़कियों को फ्री पिज्जा का झांसा।
मध्य प्रदेश से लुधियाना पहुंची लड़की प्रेमी से मिलने, पुलिस ने किया बरामद
रीवा में प्राकृतिक नीतियों पर संगोष्ठी, नदियों-भूगर्भ पर मंथन