राजस्थान की महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश के आवास पर जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर आई एक महिला को धक्के देकर बाहर करने का एक वीडियो सामने आया है। इस घटना के सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार और उसके मंत्रियों के कामकाज को दिखाता है।

वायरल वीडियो में महिला कुछ कहती दिख रही है। इसके बाद एक पुरुष स्टाफ सदस्य उसे धक्के देकर आवास से बाहर निकालता दिख रहा है। इस घटना के बाद मंत्री भूपेश से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

भाजपा ने ट्वीट किया कि "अहंकारी" कांग्रेस का आखिरी दिन अब दूर नहीं है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी घटना की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मंत्री ममता भूपेश के पास फरियाद लेकर आई एक महिला को उसकी बेटी के सामने धक्का देकर निकाला गया। ये बहुत ही शर्मनाक है।