जयपुर। राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए गुरूवार शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसको देखते हुए भाजपा और कांग्रेस ने अपना पूरा दमखम झोंक दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई स्टार प्रचारकों ने जमकर एक-दूसरे पर हमला बोला। इस बार के चुनाव में यह देखने को मिल रहा है कि कांग्रेस भाजपा को उसी की तर्ज पर जवाब दे रही है।
शाहपुरा - कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी बुधवार दोपहर को मनोहरपुर (जयपुर) पहुंचीं। उन्होंने यहां शाहपुरा प्रत्याशी मनीष यादव और विराटनगर प्रत्याशी इंद्रराज गुर्जर के समर्थन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय होद की पाल खेल मैदान ग्राउंड में चुनावी सभा की। सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि त्योहार के समय में पूजा-पाठ करते है, घर की सफाई करते हैं। खेती में कटाई के समय तैयारी करते हैं। वैसे ही आपको तैयार रहना है। चुनाव के समय हिसाब किताब का समय होता है। कांग्रेस वाले कहते भाजपा वाले भ्रष्ट है, वो कहते कांग्रेस वाले भ्रष्ट है। जनता को कैसे पता चलेगा कौन सही है। इसलिए सभी को ध्यान से सुनों। आपको सोचना चाहिए कि सभी की बातों में सच्चाई को निचोडक़र कैसे निकाले।
देश में देखें जहां भाजपा की सरकारें है। वहां 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। राजस्थान में मुख्यमंत्री ने दो लाख रोजगार दिलवाएं है, 40 हजार रोजगार प्रक्रिया में है। इधर, मध्यप्रदेश में 18 साल में भाजपा सरकार है। तीन साल में 21 रोजगार दिए हैं। प्रियंका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इंग्लिश मीडियम स्कूलें हैं। इस बात पर गहलोत से पूछा तो उन्होंने कहा कि यहां तो गांव-गांव में इंग्लिश मीडियम स्कूलें है। मध्यप्रदेश में स्कूलें बंद हो रही है।
जीएसटी टैक्स की वजह से सबकुछ महंगा हो रहा है। ये टैक्स प्रदेश सरकार के पास नहीं केंद्र सरकार मोदी के पास जा रहा है। अब टैक्स से काम तो होना चाहिए। मोदी और उनके मंत्रियों का नहीं होता। अडानी का भी नहीं होता। रोजगार हो या विकास हो सभी इसी संपत्ति से आना चाहिए। कितने जवान शरहदों पर देश की रक्षा कर करते हैं। उनकी भावना होती है कि जान चली जाए लेकिन देश की रक्षा करेंगे। सबसे ज्यादा सैनिक राजस्थान ने दिए है। सेना में भर्ती होने पर नौजवान खुश होता है। लेकिन भाजपा वाले अग्निवीर ले आए। जिसमें चार साल के लिए भर्ती होगी। चार साल बाद घर आएगा, वापस बेरोजगार हो जाएगा।
सरकारी कर्मचारी के थोड़े-थोड़े पैसे सरकार पेंशन के लिए निकालती है, लेकिन केंद्र सरकार पेंशन का पैसा लेकर निवेश और कहीं कर रही है। कर्मचारियों की पुरानी मांग है कि हमारी पेंशन हमें मिल जाए। प्रियंका ने कहा-हमें मालियों, धोबियों, मिस्त्री, मूर्तिकारों, दुकानदार, झुग्गी और गांवों में रहने वालों की चिंता है। गांधी जी की विचारधारा वाली पार्टी है, गांवों को विकास करो। देश के बंदरगाह, हवाई अड्डे अंबानी और अडानी को दे दिए। किसान के कर्ज माफ करने के लिए पैसे नहीं है, उद्योगपतियों के हजारों-करोड़ों के कर्ज माफ कर रहे हो। मोदी जी की नीयत ठीक नहीं है। बड़े-बड़े पीएसयू कोडिय़ों के दाम पर उद्योगपतियों को दे रहे हैं।
देश का किसान दिन में औसत 27 रुपए कमा रहा है और अडानी 1600 करोड़ रुपए एक दिन में कमा रहे हैं। सुनवाई आपकी नहीं उनकी हो रही है। कर्ज माफ उनके हो रहे है। किसानों ने आंदोलन किया था, इनके मंत्री के बेटे ने 6 किसानों को गाड़ी से कुचल डाला। कोई कार्रवाई नहीं है। ये आंदोलन प्रधानमंत्री आवास के पास था। पानी नहीं था, बिजली नहीं था। तीन काले कानून वापस तब लिए जब दो महीने में यूपी में विधानसभा का चुनाव आने वाला था। तब तक सुनवाई नहीं हुई।
प्रियंका ने कहा-मणिपुर में सैकड़ों गांव जला डाले। हादसे वीडियो में देख ही नहीं पाई। जीना कितना मुश्किल होगा। मोदी जी ने वहां जाने का कष्ट नहीं किया। लेकिन क्रिकेट के फाइनल में अपनी टीम मेहनत से पहुंची थी। मोदी जी फट से पहुंच गए। सभी को उम्मीदें थी कि मैच जीत जाएंगे। मोदी जी पहुंचे कि जीत जाएंगे तो श्रेय ले लेंगे, मीडियाबाजी करें। क्रिकेट में पहुंच सकते हैं तो संकट में क्यों नहीं पहुंचे। पहवान ने मेडल जीता तो मिलने के लिए घर बुलाया। लेकिन उनके मंत्री ने अत्याचार पर कुछ नहीं किया। ऐसे ही सेना में युवा जान देने के लिए तैयार है, लेकिन उसकी सुनवाई के लिए तैयार नहीं है। धर्म की बात होती है तो पहुंच जाते हैं, ये उनकी सच्चाई है।