अजमेर | धौलपुर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस के खिलाफ जनाक्रोश महा घेराव को लेकर पहुंचे क्षेत्रीय सांसद डॉ. मनोज राजोरिया ने बीजेपी कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार पर जुबानी हमला बोला है।प्रेस वार्ता वार्ता को संबोधित करते हुए करौली धौलपुर सांसद डॉ. मनोज राजोरिया ने कहा महिलाओं के साथ उत्पीड़न हो रहे हैं। राजस्थान प्रदेश में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। राजस्थान प्रदेश की लगभग हर भर्ती में पेपर लीक होने के मामले आ रहे हैं। राजस्थान में भ्रष्टाचार और अराजकता चरम सीमा पर पहुंच चुका है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आमजन के लिए बनाई गई जनकल्याणकारी योजनाएं राज्य सरकार की उपेक्षा की बदौलत आमजन तक नहीं पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार के नेता और आला अधिकारी मोदी सरकार की योजनाओं पर डाका डाल रहे हैं। कांग्रेस सरकार प्रशासन के कुशासन की आवाज को बीजेपी के कार्यकर्ता उठाते हैं तो उनको दबाने की कोशिश की जाती है। सत्ताधारी प्रशासन के बल पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को कुचलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सांसद राजोरिया ने बड़ा हमला बोलते हुए कहा राजस्थान प्रदेश की सरकार राहत कैंपों के नाम पर राजस्थान की जनता के साथ खिलवाड़ कर रही है। भीषण गर्मी के अंदर राजस्थान प्रदेश की जनता को परेशान किया जा रहा है। हमला बोलते हुए कहा राजस्थान की जनता को तलवे चाटने के लिए मजबूर कर दिया है। जनता को भिखारी बना कर कैंपों में आने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा राजस्थान की जनता के साथ अशोक गहलोत सरकार भद्दा मजाक कर रही है।

सांसद डॉ. मनोज राजोरिया ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लागू की गई आयुष्मान योजना का नाम बदलकर राजस्थान सरकार ने चिरंजीवी योजना रखा है। राजस्थान सरकार जनता को बेबसी की ओर धकेलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा राजस्थान की तुष्टीकरण एवं हिंदू विरोधी नीति के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी खड़ी है। हिंदू समाज के धार्मिक उत्सवों पर राजस्थान सरकार धारा 144 लगाकर प्रतिबंधित कर रही है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार धर्म विशेष के खिलाफ काम कर रही है, जिसका पुरजोर विरोध भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता करता रहेगा।