चूरू। चूरू की जिला जेल में रेप केस का आरोपी एक कैदी संदिग्ध हालत में टॉयलेट में पानी के पाइप से लटका हुआ मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। कैदी को देर रात राजकीय भरतीया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। जेल के उच्चाधिकारियों और मृतक बंदी के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
  जेल प्रशासन के अनुसार कैदी छगनलाल शर्मा (22) पोक्सो के मामले में पिछले मई महीने से जिला जेल में बंद था। वह सरदारशहर के वार्ड संख्या 25 का रहने वाला था। छगनलाल को जेल के बैरिक संख्या 6 में रखा गया था। रात को छगनलाल बैरिक नंबर 6 के टॉयलेट में तौलिये के फंदे के सहारे पानी की पाइप लाइन से लटका हुआ मिला। यह देखकर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल के मुख्य प्रहरी बलकरण सिंह के अनुसार रात करीब 12.30 बजे बैरिक संख्या 6 से शोरगुल की आवाज आई। इस पर उसने वहां जाकर देखा तो पता चला कि छगनलाल ने टॉयलेट में पाइप से तौलिये का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। इस पर छगनलाल को तुरंत वहां से उतारकर राजकीय भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद कोतवाल पुलिस अस्पताल पहुंची।
  जेल के मुख्य प्रहरी बलकरण सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को सभी बंदियों ने खाना खाया था और वे सो गये थे। बैरिक नंबर 6 में करीब 30 से 35 बंदी हैं। जेल में रात को गश्त भी की जा रही थी। इस संबंध में जेल के उच्चाधिकारियों और मृतक बंदी के परिजनों को सूचना देकर घटना से अवगत करा दिया गया है। बाद में जेल प्रशासन ने देर रात तक बंदियों से पूछताछ की। ​जेल प्रभारी पिछले चार-पांच दिन से आवश्यक कार्य से छुट्टी गये हैं इसलिये जेल का प्रभार मुख्य प्रहरी के पास है।