आगरा में रविवार को रिटायर्ड फौजी के बेटे ने अपने सिर में गोली मार ली। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना सिकंदरा क्षेत्र में शास्त्रीपुरम स्थित नील पदम कुंज में रिटायर्ड फौजी वीरेंद्र परिवार के साथ रहते हैं। आज सुबह चाय पीने के बाद उनके बेटे रोहित ने अपने सिर में गोली मार ली। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। रोहित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। रोहित की उम्र 24 वर्ष है। आखिर रोहित अपनी जान क्यों देना चाहता था, इसकी पुलिस पड़ताल कर रही है। थाना सिकंदरा प्रभारी आनंद कुमार शाही भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि रोहित की हालत गंभीर है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर क्या वजह रही जिसके कारण रोहित ने खुद को गोली मार ली।