प्रयागराज: मानसून आने के बाद भी बारिश से अछूते रहे प्रयागराज में अगले दो दिनों में गरज चमक के साथ वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग की मानें आसपास के जिलों में हो रही वर्षा के बाद अब प्रयागराज का नंबर है।

मंगलवार रात को दस मिनट तक चली वर्षा के बाद अब बुधवार को भी हल्की बारिश की उम्मीद है। रविवार से ही बादलों की आवाजाही जारी है। इससे तापमान में गिरावट आई पर बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी। सुबह धूप खिली थी और दोपहर में बादल छा गए। इससे लोगों को धूप का सामना कम करना पड़ा।

रात में हुई हल्की बूंदाबांदी

अधिकतम 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक था। रात करीब आठ बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई जो कुछ देर में बारिश में बदल गई। करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। इससे लोगों को उमस से फौरी राहत मिली।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के प्रो. एआर सिद्दीकी ने बताया कि मानसून अब प्रयागराज में सक्रिय होता जा रहा है। 28 जून से अच्छी वर्षा की उम्मीद है। इससे पहले हल्की फुहारे पड़ सकती हैं। बारिश का यह दौरान जुलाई के पहले सप्ताह तक चलता रहेगा। इस दौरान तेज और मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।