भोपाल । ट्रैफिक डायवर्सन या ऐसी ही जरूरी जानकारी आम लोगों को देने के लिए स्मार्ट सिटी कंपनी शहर के प्रमुख चौराहों पर वीडियो डिस्प्ले बोर्ड लगाएगी। इन डिस्प्ले बोर्ड का उपयोग शासन की योजनाओं की जानकारी देने के लिए भी किया जा सकेगा। इसके अलावा इनसे लाइव प्रसारण भी किया जा सकेगा। कोरोना गाइडलाइन जैसी आम जनता के लिए जरूरी सूचनाओं आदि का सीधा प्रसारण भी इन डिस्प्ले बोर्ड पर किया जाएगा। सबसे पहले डिस्प्ले बोर्ड अटल पथ पर प्लेटिनम प्लाजा के पास लगेगा। यह डिस्प्ले बोर्ड स्मार्ट सिटी के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़ा रहेगा। यह सुविधा दो महीने में शुरू हो जाएगी।
स्मार्ट सिटी द्वारा लगाए जाने वाले वीडियो मैसेज डिस्प्ले बोर्ड का मुख्य काम ट्रैफिक के बारे में आम लोगों को जानकारी देना और जागरूकता फैलाना है। इसमें केवल दृश्य, विज्ञापन, सूचना, संदेश, मौसम की जानकारियां प्रसारित होगी पर आवाज नहीं आएगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि ट्रैफिक में व्यवधान भी न पड़े और लोगों तक आवश्यक संदेश पहुंचाया जा सके। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया कि अभी केवल अटल पथ पर वीडियो डिस्प्ले बोर्ड लगाने के लिए टेंडर जारी किया गया है। इसमें जो भी कंपनी मय मापदंडो पर खरा उतरेगी, उसे मौका दिया जाएगा। यदि अटल पथ पर यह प्रयोग सफल रहता है तो शहर के अन्य चौक-चौराहों पर भी वीडियो डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे।

स्मार्ट सिटी को मिलेगा राजस्व
शहर में वीडियो डिस्प्ले बोर्ड पीपीपी मोड पर लगाया जाएगा। इसमें करीब 40 लाख रुपये लागत आएगी। यह खर्च संबंधित कंपनी उठाएगी। वहीं कंपनी को विज्ञापन से जो भी आय होगी, उसका एक हिस्सा स्मार्ट सिटी को देना होगा। हालांकि अभी तय नहीं है कि इस योजना से स्मार्ट सिटी को कितनी कमाई होगी।