बुर्के पर सपा और भाजपा आमने-सामने, गिरिराज सिंह ने कहा, बुर्का हटाकर वोट डालने का विरोध नहीं
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में उपचुनाव की वोटिंग से पहले बुर्के को लेकर विवाद गहरा गया है। सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने चुनाव में वोट डालने जाने वाली महिलाओं के बुर्का उठाकर जांच करने के मुद्दे पर करारा हमला बोला था। उन्होंने इस प्रकार की जांच पर रोक लगाने की मांग की। इसके बाद सपा ने भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर बुर्का उठाकर जांच करने की मांग कर डाली। सपा की ओर भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बुर्के को उठाकर जांच कराए जाने से महिलाएं डर जाती हैं। वे वोट डालने मतदान केंद्रों पर नहीं आती हैं। अब मामले पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का बयान सामने आया है।
केंद्रीय मंत्री सिंह का बड़ा हमला सामने आया
सपा के बुर्का हटाकर न जांच करने की मांग पर केंद्रीय मंत्री सिंह का बड़ा हमला सामने आया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश की पार्टी की नेत्री ने वोट जिहाद का नारा दिया है। आज कांग्रेस और मुसलमान मौलवियों की ओर से वोट जिहाद के नारे लग रहे हैं। भारत के धर्मगुरु भी आवाज दे रहे हैं। उनकी बातों को भी अब सुना जाना चाहिए। देश के अंदर समय आ गया है कि सभी को एक रहना चाहिए। केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा है कि मतदान करने आने वाले हर वोटर की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बुर्का हटाकर वोट डालने का विरोध नहीं होना चाहिए। हर मतदाता की पहचान वोटिंग के पहले बूथ पर मौजूद पार्टियों के पोलिंग एजेंट के स्तर पर होती है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि फर्जी मतदान नहीं होने देना है। हर वोटर की पहचान के बाद ही वोट डालने देना है। विरोध करने वालों की चुनाव आयोग से शिकायत करें।