भीलवाड़ा में शादी समारोह में दो गुटों के बीच विवाद में पत्थरबाजी की गई। सूचना पर सुभाष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन पत्थरबाजी नहीं रुकी। जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा। वहीं कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। सांगानेर जाने वाले रास्ते पर नारायणी देवी सर्कल के पीछे की तरफ झोपड़ियां बनी हुई है। सोमवार शाम को वहां एक शादी समारोह था। शादी समारोह में ही दो पक्षों के बीच किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों की गुटों ने एक दूसरे पर पत्थर और लाठियों से हमला कर दिया। काफी देर तक पत्थरबाजी की गई। पुलिस के आने के बाद लोग पत्थरबाजी से बाज नहीं आए। जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ दिया। मौके से पुलिस ने डीजे और बाइक को जब्त किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।