गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार सुबह अचानक भड़की हाथी ने अपने एक महावत को पटक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बता दें कि यह वही हाथी है जो यज्ञ के दौरान चिलुआताल थाना के मोहम्मदपुर माफी गांव में बिदक गया था और तीन की जान ले ली थी। इसे सुधारने के लिए आठ महीने से विनोद वन में रखा गया है।

मार्च से ही विनोद वन में दर्शकों की इंट्री नहीं

16 फरवरी को चिलुआताल थाना के मोहम्मदपुर माफी गांव में यज्ञ का आयोजन हुआ था। पूजा में शामिल होने आया हाथी अचानक बिदक गया। बिदके हाथी ने दो महिलाओं व चार वर्षीय बच्चे को कुचल दिया था। तीनों की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई थी।

काफी मशक्कत के बाद हाथी को नियंत्रित कर विनोद वन में रखा गया। मार्च के बाद से ही विनोद वन को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। जब तक हाथी को विनोद वन से चिड़ियाघर नहीं भेजा जाएगा, विनोद वन दर्शकों के लिए नहीं खोला जाएगा।