उदयपुर। भीलवाड़ा जिले में फेरों के बाद ससुराल पहुंचने से पहले ही एक नई नवेली दुल्हन के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना उस समय की है जब विदाई के बाद दुल्हन को ससुराल ले जाया जा रहा था और वर पक्ष के लोग बीच मार्ग पर नवदंपती को धोक लगवाने सगसजी स्थानक पर पहुंचे थे। दो स्कूटरों से आए तीन युवकों ने दुल्हा और दुल्हन के गले पर तलवाई लगाई और दुल्हन को स्कूटर पर बिठाकर ले गए। मामले की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कराई लेकिन अपहरणकर्ता पकड़ में नहीं आए। पुलिस दुल्हन और अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी है। पुलिस की जांच में पता चला कि प्रेमी युवक अपने दो मित्रों के सहयोग से दुल्हन का अपहरण कर ले गया।

मिली जानकारी के अनुसार, नवदंपती की शादी शुक्रवार रात को हुई थी और ससुराल आने से पहले दूल्हा पक्ष के लोग नवदंपती को अपने देवस्थल सगसजी पर धोक लगवाने ले जा रहे थे। इसी दौरान अपहरणकर्ता वहां आए और दुल्हन का अपहरण कर लिया।

पुलिस ने बताया कि करेड़ा क्षेत्र की युवती की शादी बिजौलिया के युवक से हुई थी। विदाई के बाद दुल्हन को ससुराल ले जाया जा रहा था कि कृषि उपज मंडी के पास सुभाष नगर में सगसजी स्थानक पर नवदंपती को धोक लगाने ले जाया जा रहा था। इसी बीच यह वारदात हुई।

पुलिस को आशंका है कि यह मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है। एक आरोपी की पहचान पुलिस ने कर ली है, जो चपरासी कॉलोनी निवासी दीपक कोली बताया जा रहा है। जिसका दुल्हन के साथ प्रेम प्रसंग चलने की भी जानकारी मिली है। पुलिस उसके घर पहुंची लेकिन पता चला कि वह फरार है। अन्य दो युवक उसके साथी हो सकते हैं।