जयपुर | राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया के जन्मदिन पर उनके समर्थक मंगलवार को हाड़ौती की जमीन पर सियासी ताकत दिखाएंगे। राजे के जन्मदिन पर बूंदी जिले के केशवरायपाटन में मुख्य आय़ोजन होगा। कार्यक्रम में समर्थकों ने एक लाख लोगों के जुटने का दावा किया है। माना जा रहा है कि यहां होने वाली जनसभा में वसुंधरा अपने विरोधियों को जवाब देंगी। वसुंधरा राजे मंगलवार सुबह  11 बजे  केशवरायपाटन पहुंचेंगी। जन्मदिन से पूर्व सोमवार देर रात वसुंधरा राजे का ट्वीट सुर्खियों में बना हुआ है। पूर्व सीएम ने ट्वीट कर लिखा है,- 'परिंदों से ऊंची उड़ान होगी, एक बार नहीं हर बार होगी'। हालांकि, पूर्व सीएम ने यह ट्वीट नारी शक्ति को समर्पित किया है। लेकिन इस ट्वीट के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। ट्वीट के जरिए पूर्व सीएम ने अपने राजनीतिक विरोधियों को सियासी संदेश दिया है। ट्वीट में विरोधियों के लिए सख्त संदेश छिपा है।