डूंगरपुर। आदिवासी बहुल डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में घर में सो रहे पति-पत्नी को अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियारों से काट डाला। गुरुवार सुबह पति-पत्नी के शव घर में पलंग पर लहुलुहान हालत में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर एसपी राशि डोगरा भी वहां पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, हत्या के कारणों का फिलहाल सुराग नहीं लग पाया है।
  सीमलवाड़ा पुलिस उपाधीक्षक रामेश्वरलाल ने बताया की वारदात चौरासी थाना इलाके के रामसोर गांव में हुई है। रामसोर निवासी 50 वर्षीय रामा भगोरा की पहली पत्नी की मौत हो गई थी। उससे रामा के 5 लड़कियां हुई थीं। पांचों लड़कियों की शादी हो चुकी है। करीब चार साल पहले रामा भगोरा ने आशा से नाता विवाह किया था। रामा और आशा भगोरा अकेले ही अपने घर पर रहते थे। पुलिस उपाधीक्षक रामेश्वर लाल ने बताया की गुरुवार को सुबह रामा भगोरा का भाई थावरा किसी काम से उनके घर आया था। उसने आकर भाई को आवाज लगाई लेकिन घर के अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इस पर थावरा घर के अंदर गया। अंदर के हालात देखकर थावरा को होश उड़ गये। घर के अंदर पलंग पर रामा और उसकी पत्नी आशा के शव लहुलुहान हालत में पड़े हुए थे।
  इस पर थावरा ने मामले की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को दी। घटना की जानकारी मिलने पर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलने चौरासी थाना पुलिस मौके पहुंची। चौरासी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और उच्चाधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी राशि डोगरा के निर्देश पर बांसवाड़ा से एसएफएल की टीम और उदयपुर से डॉग स्क्वायड बुलाकर वहां से साक्ष्य जुटाने गये हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने में जुटी है। हत्यारों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।