बूंदी। न तो प्यार उम्र की सीमा देखता है न ही देशों की सरहद। कुछ ऐसा ही बूंदी जिले में हुआ है। यहां एक नाबालिग लड़के और लड़की की सोशल मीडिया पर जान पहचान होने के बाद बातों का सिलसिला बढ़ा तो दोनों में प्यार हो गया। कच्ची उम्र के प्यार को परवान चढ़ाने के लिए दोनों शादी करने की जिद में घर से भाग निकले और टोंक पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने उम्र का पता किया तो वे नाबालिग निकले। इस पर टोंक पुलिस ने बूंदी पुलिस को सूचना देकर उनको उनके सुपर्द कर दिया। अब दोनों के परिजनों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
  पुलिस के अनुसार मामला बूंदी जिले के हिंडौली और सदर थाना इलाकों से जुड़ा है। जिले के इन 2 अलग अलग थाना इलाके के किशोर और किशोरी की सोशल मीडिया पर जान पहचान हुई। किशोर की उम्र 15 साल 2 माह है। वह 10वीं कक्षा में पढ़ता है। जबकि किशोरी की उम्र 17 वर्ष 2 माह है। वह 12वीं में पढ़ती है। जल्द ही दोनों की यह जान-पहचान प्यार-मोहब्बत में बदल गई। उसके बाद दोनों के बीच मेल मुलाकात का दौर शुरू हो गया।
  शादी का मतलब भी पूरी तरह नहीं समझने वाले दोनों नाबालिगों ने शादी करने का फैसला कर लिया। शादी करने के लिए दोनों घर से फरार हो गए। दोनों बूंदी जिले से सटे टोंक जिला पुलिस के पास पहुंचे। इस पर टोंक पुलिस भी सकपका गई। उसने धैर्यपूर्वक उनकी बात सुनी। पुलिस ने दोनों नाबालिगों से पूछताछ कर उनकी उम्र का पता लगाया। बाद में बूंदी पुलिस को इसकी सूचना देकर दोनों को बूंदी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।