अलीगढ़। अलीगढ़ नगर निगम की बदइंजामी की सजा इस बरसात में शहर के लोगों को झेलने पड़ रही है। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था न होने के कारण कई क्षेत्रों में तालाब जैसे नजारे हैं। कहीं सड़कों पर पानी भरा है तो कहीं मकानों के अंदर। लगातार चौथे दिन बुधवार को हुई बरसात में श्रीनगर में पांच मकान धंस गए। क्वार्सी बाइपास का नाला कटने से गोविंद नगर के कई घरों में पानी भर गया। इससे दो मंजिला मकान गिर गया। मलबे में दबकर बहन-भाई घायल हो गए।

गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन

हादसे से गुस्साए लोगों ने क्वार्सी बाइपास पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। नगर निगम अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। बाईपास के दूसरी तरफ वार्ड 36 में जलभराव को लेकर जीएम (महाप्रबंधक) जलकर अनवर ख्वाजा से स्थानीय लोगों का विवाद हो गया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और कूड़े के ढेर पर गिरा दिया। इसका वीडियो भी प्रसारित हुआ है। भाजपा महिला पार्षद ने जीएम जलकर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। दोनों ओर से एक दूसरे के खिलाफ मुकदमे पंजीकृत कराए गए हैं। नाला कटने का कारण सफाई न होना बताया गया है। सुबह आठ बजे पानी गोविंद नगर के घरों में भर गया। यहां के कैलाशचंद्र का 50 वर्गगज में बने दोमंजिल मकान का पिछला हिस्सा गिर गया। मलबे में उनकी पत्नी लक्ष्मी, बड़ा बेटा सोमवीर, सिधांत, बेटी छाया व राधा दब गए। आसपास के लोगों ने परिवार को बाहर निकाला। सोमवीर व छाया घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने क्वार्सी बाइपास पर जाम लगा दिया, जिसे क्षेत्र के लोगों ने ही समझाकर खुलवाया। लोगों का कहना था कि शिकायत के बाद भी नगर निगम अधिकारी सुनवाई नहीं करते हैं। नाले की सफाई की होती तो यह हादसा नहीं होता। बोरों में मिट्टी भरकर ही पानी रोकने का प्रयास किया जाता है। स्थायी व्यवस्था पर काम हुआ ही नहीं। कोल विधायक अनिल पाराशर, एटीएम सिटी अमित कुमार भट्ट भी मौके पर पहुंचे और लोगों को मदद का भरोसा दिया है।

दो वीडियो प्रसारित

इस घटना से जुड़े दो वीडियो प्रसारित हो रहे हैं। एक में जीएम जलकल कूड़े के ढेर पर गिरे नजर आ रहे हैं। जिसमें स्थानीय लोग कह रहे हैं कि आप खुद गिरकर नाटक मत कीजिए। स्थानीय एक व्यक्ति उन्हें हाथ पकड़कर उठाता दिख रहा है। दूसेर वीडियो में जीएम आक्रोशित नजर आ रहे हैं। शर्ट के बटन खुले हैं। लोग कह रहे हैं कि जीएम साहब आप कपड़े क्यों उतार रहे हैं।

महिला पार्षद ने लगाया शिकायत पर भड़कने के आरोप

भाजपा की महिला पार्षद ने महुआखेड़ा थाने में जीएम जलकल अनवर ख्वाजा व प्रभारी जेई दिव्यांशु वत्स के विरुद्ध गालीगलौज, मारपीट, छेड़छाड़ व धमकी का मुकदमा पंजीकृत कराया। उन्होंने बताया कि लोगों की शिकायत पर वह क्षेत्र में पहुंची थीं। वहां भीड़ के चलते रास्ता अवरुद्ध था। तभी आए अनवर ख्वाजा व दिव्यांशु बात करने लगे। इनसे क्षेत्र में जलभराव देखने को कहा। इस पर दोनों भड़क गए। गालीगलौज, मारपीट कर दी। इससे वह कीचड़ में गिर गईं। आरोप है कि अनवर ने छेड़छाड़ की। क्षेत्र को सड़ा देने की धमकी दी। उनके साथ पार्षद पुष्पेंद्र सिंह जादौन मौजूद थे।