अयोध्या। अयोध्या में प्रभू श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की तैयार बहुत तेजी से चल रही है। मतलब 22 जनवरी को प्रभू श्रीराम अपने घर में प्रवेश करेंगे। इसको लेकर पूरे देश में उत्साह है। करीब पांच सौ साल बाद भगवान राम अपने घर में विराजमान हो रहे हैं तो उनकी ससुराल में उत्साह स्वाभाविक है। परंपरा के अनुरूप अपनी बेटी के गृहप्रवेश के लिए उपहारों के साथ अयोध्या की सीता रसोई के लिए मायके से बर्तन भेजने की तैयारी है। इस रसोई में रोजाना करीब एक लाख श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद बनेगा। 
श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए मां सीता की जन्मभूमि समेत पूरे मिथिला क्षेत्र के साधु-संतों को विशेष रूप से आमंत्रित किया है। कामेश्वर चौपाल के अनुसार, 22 जनवरी को होनेवाले कार्यक्रम का साक्षी बनने के लिए मिथिला के 50 से अधिक साधु-संतों को आमंत्रित किया गया है। मधुबनी में विश्वामित्र आश्रम विशौल के महंत ब्रजमोहन दास, गोकुलबाली आश्रम मधुबनी के महंत बाबा विमल शरण दास, सुक्की मंदिर के महंत रामलखन दास, गोबराही जयनगर के महंत पंडित राजकिशोर शरण, बलिराजगढ़ महंत राजकिशोर दास व बसुआरा महंत विजय नारायण दास को आमंत्रित किया गया है। सीतामढ़ी में जानकी स्थान के महंत विनोद दास, पुनौराधाम के महंत कौशल किशोर दास, पूर्वी चंपारण में अरेराज स्थित सोमेश्वरनाथ मंदिर के महामंडलेश्वर रविशंकर गिरि, क्सौल काली मंदिर के पीठाधीश्वर सेवक संजय नाथ परतापुर मठ मेहसी के महंत किरण दास आदि को आमंत्रित किया गया है।इसी तरह सभी जिलों के संतों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया गया है।
श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य कामेश्वर चौपाल बताते हैं कि बिहार भाजपा के अध्यक्ष सम्राट चौधरी व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने ट्रस्ट से बात कर बर्तनों की जरूरत पूछी थी। इस बारे में पूछने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि दो जनवरी को हमारी बैठक होनी है। उसमें कई मुद्दों पर चर्चा होगी। इस बैठक में सीता रसोई के लिए बर्तन समेत तमाम मुद्दों पर निर्णय होगा। सूत्र बताते हैं कि दो जनवरी को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, बिहार प्रभारी विनोद तांवड़े, तरुण चुग जैसे नेताओं के साथ बिहार भाजपा व संगठन के सभी बड़े नेताओं की बैठक होनी है। इसमें अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम की सफलता, बिहार की अधिक भागीदारी, उन्हें अयोध्या ले जाने व लाने के इंतजाम, 22 जनवरी को दीपोत्सव जैसे विषयों को अंतिम रूप दिया जाएगा। बिहार भाजपा के प्रदेश महासचिव और रामलला दर्शन अभियान समिति के प्रदेश संयोजक जगन्नाथ ठाकुर बताते हैं कि 25 जनवरी को हजारों श्रद्धालुओं को लेकर एक साथ बिहार के कई जिलों से दर्जनों ट्रेनें अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगी। इन ट्रेनों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल टीम से लेकर कीतन मंडली भी रहेंगी। श्रद्धालुओं को ले जाने, लाने, ठहराने व भोजन का इंतजाम निशुल्क होगा। यह अभियान 25 मार्च तक चलेगा। प्राण-प्रतिष्ठा के दिन सभी गांवों में दीपोत्सव मनाने की तैयारी है। गांव-गांव में अयोध्या में होनेवाले कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था है।