शिमला । जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि बिना कांग्रेस के विपक्षी एकता संभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2024 में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं। वह केवल प्रबंधक हैं और सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने के काम कर रहे हैं, क्योंकि वह संपूर्ण विपक्षी एकता के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा हिमाचल विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस की जीत के राष्ट्रीय स्तर पर बहुत मायने हैं और इसका संदेश पूरे देश में जाने वाला है।  
केसी त्यागी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जब से नीतीश कुमार ने एनडीए को छोड़ा है, तब से विपक्षी नेता एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे विपक्षी एकता के पक्षधर हैं और नीतीश कुमार का मानना है कि कांग्रेस के बिना कोई विकल्प नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा की आज देश के लिए भाजपा को हराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की जीत 2024 के होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए आधारशिला का काम करेगी। उन्होंने कहा विपक्ष की एकता के लिए भी हिमाचल में कांग्रेस की जीत जरूरी है। इस पहाड़ी राज्य में कांग्रेस की जीत 2024 से लोकसभा चुनाव का दरवाजा खुलेगा। उन्होंने कहा हिमाचल भले ही छोटा राज्य है, लेकिन राष्ट्रीय राजनीति पर इसका प्रभाव बहुत पड़ने वाला है।
त्यागी ने कहा कि हिमाचल में किसानों को किसी भी उत्पाद पर एमएसपी नहीं मिलता, जबकि यह जरूरी है। उन्होंने कहा हिमाचल में कांग्रेस सत्ता में आने पर सभी फलों व सब्जियों के लिए एमएसपी देगी। उन्होंने कहा कांग्रेस ने इसका वादा हिमाचल की जनता से किया है और एक माह के भीतर संबंध में फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेब बागवानों की भी सभी समस्याओं का समाधान कांग्रेस करने वाली है।
त्यागी ने कहा कि आज देश में जिस तरह का माहौल बना है, उसके लिए विपक्ष की एकता जरूरी है। आज स्वायत संस्थानों का भारी दबाव है और ईडी और सीबीआई विपक्ष के दबाने के लिए केंद्र सरकार के औजार बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश में संवैधानिक मूल्यों का अवमूल्यन हो रहा है और महंगाई ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। साथ ही बेरोजगार से युवा परेशान हैं।