भोपाल । राजधानी सहित पूरे प्रदेश में बारिश और  सर्दी के बढ़ते कहर के चलते मौसम विभाग ने  डिंडोरी, कटनी मंडल, नरसिंहपुर, जबलपुर, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, गुना, अशोकनगर शिवपुरी, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया और दमोह जिले में येलो अलर्ट किया गया है। जबकि बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा जिले में ऑरेंज अलर्ट किया गया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार  पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के नर्मदापुरम, भोपाल और चंबल संभागों के जिलों में अधिकांश जगहों पर, इंदौर और जबलपुर संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर, उज्जैन सागर और ग्वालियर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर और शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं पर वर्षा दर्ज की गई। अन्य संभागों के जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। भोपाल, इंदौर, शहडोल, जबलपुर और नर्मदापुरम संभागों के जिलों में विशेष रूप से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, शहडोल संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। शेष सभी संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। भोपाल, उज्जैन, रीवा, जबलपुर और ग्वालियर संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल,  डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, हरदा,  बुरहानपुर अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, दमोह, खंडवा, विदिशा, रायसेन, सीहोर, भोपाल, राजगढ़, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मालवा, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, भिंड, शिवपुर कला, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, पन्ना और सागर जिलों में अभी एक-दो दिन बारिश के आसार हैं।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस खरगोन में दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस खजुराहो में दर्ज किया गया।
भोपाल में जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। शीतकालीन मौसम शुरू होने और तापमान में गिरावट आने के चलते जिले के सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। नर्सरी से लेकर पांचवी तक की कक्षाएं अब सुबह नौ बजे से लगेंगी। ये नियम सरकारी, प्राइवेट और आईसीएसई सभी स्कूलों पर लागू होगा।