भोपाल ।   भारतीय जनता युवा मोर्चा की विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भागीदारी होगी। मोर्चा विभिन्न आयोजनों, कार्यक्रमों, अभियानों के जरिए सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएगा। इसके लिए दो महीने तक विशेष अभियान चलेगा। इसमें हर कार्यकर्ता की सहभागिता होना चाहिए। यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय भोपाल में आयोजित पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कही। इसके बाद सूर्या ने प्रदेश स्तरीय मंडल अध्यक्ष कार्यशाला को भी संबोधित किया। सूर्या ने कहा कि मध्य प्रदेश में तीन महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसके निमित्त युवा मोर्चा युवाओं को जोड़ने के लिए अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि 10 से 30 अगस्त तक प्रदेशभर में सदस्यता अभियान चलाकर युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा। कालेज, विश्वविद्यालय, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों आदि क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। पूरे प्रदेश में तिरंगा बाइक यात्रा 13 से 15 अगस्त के बीच निकाली जाएगी और हर मंडल में राष्ट्रवादी चिंतन होगा।


प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में डोर-टू-डोर गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के बीच रिपोर्ट कार्ड एवं तिरंगा झंडा वितरण किए जाएंगे और उन्हें तिरंगा यात्रा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। पंचायत स्तर पर पदयात्रा के माध्यम से युवाओं तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाया जाएगा। प्रदेश के युवाओं को 2003 से पहले के मध्य प्रदेश और 2003 के बाद आज के मध्य प्रदेश से अवगत कराने के लिए मोर्चा पूरे प्रदेश में अभियान चलाएगा। पत्रकार-वार्ता में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मोर्चा के प्रदेश प्रभारी रोहित चहल, प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी अंकित गर्ग मौजूद रहे। सूर्या ने शाम को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में गर्ल्स कान्क्लेव को भी संबोधित किया।

सितंबर में युवा एचीवर्स का मुख्यमंत्री करेंगे सम्मान

सूर्या ने कहा कि सितंबर महीने में राज्य स्तर पर युवा एचीवर्स सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसके अंतर्गत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश भर में 500 युवा अचीवर्स एवं राज्य के प्रभावशाली युवाओं को भोपाल में सम्मानित करेंगे और उनकी आकांक्षाएं संग्रहित की जाएंगी।

जिला स्तर पर भी आयोजन कर जिला स्तर के वरिष्ठ पार्टी नेताओं द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक संभाग में एक युवा टाउन हाल और प्रदेशभर में 10 युवा टाउन हाल का आयोजन होगा, जिसमें केंद्रीय युवा प्रभावशाली नेता युवाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में अवगत कराएंगे और उन्हें आकांक्षा संग्रह अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। युवाओं के सुझावों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। युवाओं के सुझावों को मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। मेरी माटी, मेरा देश अभियान नौ अगस्त से शुरू होगा। इसमें भी युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण सहभागिता होगी।